You are here
Home > Jharkhand > एस फोर सुभाष,संतोष, शिवनाथ,राजद में कोडरमा सीट पर किस नाम पर बनेगी बात !

एस फोर सुभाष,संतोष, शिवनाथ,राजद में कोडरमा सीट पर किस नाम पर बनेगी बात !

रिपोर्टर- दीपक यादव

कोडरमा। कोडरमा में ठंढ जैसे जैसे बढ़ रही है, वैसे वैसे राजनीतिक गर्मी भी बढ़ रही है। राजनीतिक घटनाक्रम के कारण तापमान काफी बढ़ गया है। राष्ट्रीय जनता दल में अबतक संतोष यादव,शिवनाथ यादव अपनी मजबूत दावेदारी कर रहे थे। लेकिन रांची में तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन और रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम के बीच हुई सहमति के बाद जेएमएम, राजद, कांग्रेस गठबंधन का ऐलान कर दिया गया। गठबंधन के तहत कोडरमा सीट राजद के खाते में दी गयी है। राजद कभी कोडरमा में काफी मजबूत मानी जाती थी, लेकिन 2014 में राजद विधायक अन्नपूर्णा देवी की हार होने के बाद राजद का किला ढह गया। बची खुची कसर लोकसभा चुनाव में राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते हुए अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने से हो गयी। फिलहाल अन्नपूर्णा देवी भाजपा से कोडरमा सांसद है।

ताकतवर नेता की खोज,कार्यकताओं से रायशुमारी

राजद कोडरमा सीट पर गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ेगी। राजद का किला ढ़हने के बाद किला बचाये रखने में ज्यादातर नेता मौन रहे। इस दौरान झुमरीतिलैया नगरपरिषद उपाध्यक्ष संतोष यादव और डोमचांच निवासी शिवनाथ यादव ने राजद की सांगठनिक गतिविधि को आगे बढ़ाया। दोनों राजद की ओर से प्रमुख दावेदार है। कोडरमा सीट से राजद प्रत्याशी के नाम को लेकर शुक्रवार को शिव वाटिका में कार्यकर्ताओं की रायशुमारी ली गयी। हालांकि इसमें शिवनाथ यादव नज़र नही आये। जबकि संतोष यादव मंच पर विराजमान रहे और कार्यक्रम का संचालन भी किया। जबकि अध्यक्षता महाबीर यादव ने की। मंच पर अशोक सिंह,वीरेंद्र यादव समेत कई लोग मौजूद थे। रायशुमारी के दौरान चतरा से लोकसभा चुनाव लड़ चुके सुभाष यादव जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए। फिलहाल राजद से चतरा के सुभाष यादव,संतोष यादव, शिवनाथ यादव के नाम सामने आए है। कोडरमा से राजद की नैया कौन पार करेगा, इसका निर्णय तेजस्वी यादव करेंगे। राजद समर्थक पार्टी फोरम से ऐलान का इंतज़ार कर रहे है। सस्पेंस बरकरार है राजद के टिकट किसे मिलेगा। सूत्रों की माने तो राजद कोडरमा सीट पर हर हाल में जिताऊ उम्मीदवार उतारने के मूड में है,जो राजनीति के दांव-पेंच और चुनावी मैनेजमेंट को अपने पक्ष में करने का हुनर जानता हो।

Top