You are here
Home > Jharkhand > गांव की आवाज को दबा रही है गठबंधन सरकार- शालिनी गुप्ता

गांव की आवाज को दबा रही है गठबंधन सरकार- शालिनी गुप्ता

कोडरमा में आजसू पार्टी ने मनाया विश्वासघात दिवस

कोडरमा। प्रदेश में समय पर पंचायत चुनाव न कराना सरकार की विफलता है और ऐसा कर झामुमो गठबंधन सरकार गांव की आवाज को दबा रही है। मंगलवार को आजसू पार्टी द्वारा मनाए जा रहे विश्वासघात दिवस पर समाहरणालय के समक्ष आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष और आजसू पार्टी नेत्री शालिनी गुप्ता ने उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने लोकतंत्र शब्द से लोक को हटाकर तंत्र को मजबूत करने का निर्णय लिया है। पंचायत चुनाव नहीं कराने से गांवों में विकास की रफ्तार थम जाएगी। श्रीमती शालिनी गुप्ता ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। चुनाव के पहले जितने भी वादे किए गए थे एक भी वादे को अब तक पूरा नहीं किया गया है। चाहे युवाओं को रोजगार देने का मामला हो, बेरोजगारी भत्ता, पारा शिक्षकों की समस्या या फिर किसानों की समस्या। उन्होंने कहा कि झारखंड में एक साल में 1500 महिलाओं से दुष्कर्म की घटना हुई है, प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। अपराध और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। एक साल के कार्यकाल में सबसे अधिक शोषित आदिवासी ही हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो महागठबंधन की सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया। किसान कर्जमाफी के नाम पर किसानों को कुछ नहीं मिला। किसान धान की फसल को 1200 रुपये प्रति क्विंटल बेचने के लिए विवश हैं। यह तब है, जब केंद्र सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2050 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर दिया है।

कोडरमा जिला प्रभारी रौशन लाल चौधरी और केंद्रीय महासचिव संतोष सहाय ने भी प्रदेश की गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। धरना स्थल पर सभा को जिला अध्यक्ष सह नगर पंचायत अध्यक्ष डोमचांच राजकुमार मेहता, जिला परिषद उपाध्यक्ष निर्मला देवी, केंद्रीय समिति सदस्य अजित बर्णवाल, जिप सदस्य पवन सिंह, भुनेश्वर राम, उप प्रमुख वृजनन्दन यादव, निवर्तमान वार्ड पार्षद बालगोविंद मोदी ने भी संबोधित किया। मौके पर मोहम्मद शमीम, सहदेव यादव, संतोष साव, राजा सिंह, विनोद शर्मा, नरेश ठाकुर के अलावा भीम साव, नरेंद्र सिंह चंदेल, गुड्डू सिंह, रोहित मेहता, शम्भू वर्णवाल, नीरज वर्णवाल, आनन्द वर्णवाल, आशा देवी, उर्मिला देवी, चिंता देवी, अनिता देवी, शिवकुमार मेहता, शिवकुमार वर्णवाल, रमेश यादव, प्रमोद यादव आदि मौजूद थे। इस दौरान भाजपा के वरीय नेता महेंद्र वर्मा ने भी लोगों को सम्बोधित किया जबकि झुमरीतिलैया के निवर्तमान वार्ड पार्षद मो शमीम ने भाजपा को छोड़कर आजसू पार्टी का दामन थाम लिया। सभा की अध्यक्षता राजकुमार मेहता, संचालन मनोज यादव जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कुमार ने किया।

Top