You are here
Home > Crime > विवाहिता का शव कुएं से बरामद मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप,भांजी गयी लाठियां

विवाहिता का शव कुएं से बरामद मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप,भांजी गयी लाठियां

कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा गली में गुरुवार की सुबह एक विवाहिता का शव कुएं से बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी (20 वर्ष) पति राहुल साहू पिता स्व.शीतल साव का शव गुरुवार की तड़के घर के पास से ही कुएं से बरामद किया गया।वहीं मायके वाले ससुराल वालों पर हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगा रहे हैं। जिसके बाद थोड़ी देर के लिए करमा गली रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।दोनों तरफ से काफी लाठियां चली।इसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में मनी साव,डेगलाल साव एवं अविनाश साव शामिल हैं, जिनका उपचार सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।पुलिस के पहुंचने पर मामला नियंत्रण में आया।मृतका की शादी 10 माह पूर्व हुई थी। उसे 25 दिन का एक बेटा भी है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता कन्द्रपडीह निवासी मनोज साव ने कहा कि 10-12 दिन से उनके बेटी के ससुराल में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था।गुरुवार की सुबह 7:00 बजे उन्हें सूचना मिली की उनके पुत्री की मौत कुएं में डूबने से हो गई है।उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को मारकर कुएं में फेंका गया है,और जब वे लोग यहां पहुंचे तो उनलोगों के साथ भी मारपीट की गई।वहीं घटना के बाद हंगामा होने पर मृतका के ससुराल वाले घर से फरार हो गए।

मृतिका के पिता ने तिलैया थाना में कराया मामला दर्ज


कोडरमा। गुरुवार की सुबह करमा में विवाहिता की मौत के मामले में मृतिका के पिता मनोज साव पिता बासुदेव साव, साकिन कन्द्रपडीह, पोस्ट हीरोडीह, थाना जयनगर ने मृतिका के पति राहुल साव, पिता सीताराम साव,रवि साव,नीलू देवी एवं तारा देवी के विरुद्ध मामला तिलैया थाना में दर्ज कराया है। आवेदन के आलोक में मृतका पुष्पा देवी पति राहुल साव की हत्या को लेकर थाना कांड संख्या 13/2020 भादवि की धारा 302/498ए, 201पी/ 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Top